लोक निर्माण और सिंचाई मंत्री शिवपाल यादव ने रविवार को यहां कहा कि जिले
के अदसड़ और चारी में दो नए लिफ्ट कैनाल बनाए जाएंगे। जल्द इनका शिलान्यास
किया जाएगा।
इससे किसानों को सुविधा होगी। वह कमौली वाले नागा बाबा
के कसवढ़ डेहरियाडीह स्थित मां दुर्गा बालिका इंटर कॉलेज के परिसर में
अपने जन्मदिवस पर आयोजित संत सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे।
कैबिनेट
मंत्री ने कहा कि जनपद के विकास को वरीयता देते हुए यहां दो नई तहसीलें
मुगलसराय और नौगढ़ बना दी गई हैं। मुगलसराय तहसील में शीघ्र ही कार्य शुरू
होगा।
जबकि नौगढ़ तहसील में दो-तीन महीने में काम शुरू होगा। कहा कि जनपद
के किसान सिंचाई के लिए परेशान रहते थे, इसलिए प्रदेश सरकार ने जनपद में
भूपौली पंप कैनाल समेत 32 लिफ्ट कैनाल का संचालन शुरू कराया।
शिवपाल ने कहा
कि जिले के हर व्यक्ति के चेहरे पर मुस्कान लाना और उन्हें सुविधाएं
उपलब्ध कराना उनका मिशन है। जब तक हर गांव में पानी की किल्लत दूर नहीं
होती, अभियान चलता रहेगा।
कहा कि गंगा की स्वच्छता के लिए केंद्र सरकार ने
वादे तो किए, लेकिन अभी तक अमल नहीं हो सका। गंगा की स्वच्छता और गो रक्षा
के लिए प्रदेश सरकार कटिबद्ध है।
शीघ्र ही वह संतों के साथ गंगा यात्रा
शुरू करेंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने ग्रामीणों तथा छात्राओं के
लिए बहुत कुछ किया है, लेकिन अभी बहुत कुछ करना बाकी है। इस दौरान वे हवन
पूजन में भी शामिल हुए।
इस अवसर पर दर्शन मुनि उदासीन कमौली वाले नागा
बाबा, हैदराबाद से आए संत बिंदु महाराज, पटियाला के आत्माराम, दिल्ली से
राघवानंद, इटावा से गणेशदास, पंजाब से परमानंद, अमृतसर से दिगंबर महाराज,
सूखदेव आनंद, गुड़गांव से शंकरममुनि आदि मौजूद रहे। कार्यक्रम संयोजक
धर्मवीर सिंह यादव, सह संयोजक ज्ञानेंद्र यादव ज्ञानू भी रहे। संचालन केके
पीजी कॉलेज इटावा के प्रोफेसर डॉ. लक्ष्मीपति ने किया।