मुख्यालय स्थित कृषि विज्ञान केंद्र सभागार में सोमवार को हुई जिला योजना
की बैठक में आगामी वित्तीय वर्ष के लिए दो अरब 23 करोड़ 78 लाख रुपये खर्च
का अनुमोदन किया गया।
यह धन सड़क, नाली, खड़ंजा व अन्य विकास कार्यों पर
खर्च होगा। जिला योजना यह बैठक महज एक घंटे में पूरी हो गई। कई
जनप्रतिनिधियों को बोलने का अवसर न मिलने से उनमें नाराजगी रही। बैठक की
अध्यक्षता पंचायती राज मंत्री कैलाश यादव ने की।
इस दौरान उन्होंने कहा
कि आगामी वित्तीय वर्ष के लिए जो खर्चे स्वीकृत किए गए हैं, उनका उपयोग
पारदर्शिता पूर्ण तरीके से किया जाए। इसका व्यय लाभार्थीपरक योजनाओं पर ही
होना चाहिए।
यादव ने जिला योजना के वर्ष 2015-16 के लिए आयोजित बैठक में
कहा कि जो धनराशि जिस मद में और जिस कार्य के लिए स्वीकृत की गई है। उसका
उपयोग उसी मद में किया जाए।
लोहिया गांवों में बनाई गई सीसी रोड, ड्रेन,
आवास और शौचालयों के मानक के अनुरूप निर्माण न होने पर नाराजगी जताई। कहा
कि अधिकारी लापरवाही बरत रहे हैं। उन्होंने जिलाधिकारी को जांच टीम बनाकर
15 दिन के अंदर इसकी जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने और दोषियों के विरुद्ध
कड़ी कार्रवाई
करने के निर्देश दिए। साथ ही पोषाहार वितरण में
अनियमिततता की शिकायत पर जिलाधिकारी को गुप्त टीम बनाकर जांच करने को कहा।
उन्होंने बताया कि ग्राम पंचायतों में शौचालयों के निर्माण के लिए 52 करोड़
रुपये की धनराशि जारी की गई है। इस दौरान अलीनगर-सकलडीहा, पड़ाव-बहादुरपुर
मार्ग खराब होने की शिकायत की गई। इस मौके पर विधायक सुशील सिंह, मनोज
सिंह, बब्बन चौहान, पूनम सोनकर, हरिवंश पटेल, सर्वेश कुशवाहा, सुशील सिंह
जनौली, बंधु राम आदि उपस्थित रहे।