ताराजीवनपुर। सदर कोतवाली क्षेत्र के जसुरी गांव के बबुरी रोड पर बुधवार देर रात दो ऑटो की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में ऑटो सवार एक युवक की मौत हो गई। वह गुरु पूर्णिमा मनाकर अपने ननिहाल जा रहा था।
अलीनगर थाना क्षेत्र के आलमपुर गांव निवासी राजनाथ का इकलौता बेटा दीपक (21) बुधवार रात चंदौली में गुरु पूर्णिमा पर कार्यक्रम में शामिल होकर ऑटो से अपने ननिहाल जसुरी जा रहा था। जसुरी गांव के पास सामने से आ रहे दूसरे ऑटो से उसकी जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में दीपक गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों ने दीपक को जिला चिकित्सालय पहुंचाया, जहां से उसे ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया।
देर रात इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। सदर कोतवाली प्रभारी बिंदेश्वर पांडेय ने बताया कि सड़क हादसे में घायल युवक को जिला अस्पताल से ट्राॅमा सेंटर रेफर किया गया था। मौत की सूचना नहीं मिली। पुलिस मामले की जांच कर रही है।