धानापुर। विकास खंड के नेकनामपुर में प्राथमिक विद्यालय के समीप लगे ट्यूबवेल की नाली तीन वर्षों से क्षतिग्रस्त है। इससे नाली के सहारे खेतों तक पानी नहीं पहुंच पा रहा है। इससे किसानों को खेतों की सिंचाई करने में परेशानी हो रही है। किसानों ने कई बार विभागीय अधिकारियों से शिकायत की लेकिन सुनवाई नहीं हुई।
नेकनामपुर में लगे राजकीय ट्यूबवेल से गांव के सौ बीघा से अधिक खेतों की सिंचाई होती है। नाली में लगे ईंट टूटने से पानी सही जगह पर नहीं पहुंच पाता है। सुजीत सिंह, बृजनाथ यादव, रघुनाथ सिंह, बृजेश सिंह, शंकर मौर्य, रामनिहोर मौर्य, झगडू मौर्य, रामनगिना मौर्य आदि किसानों ने कहा कि जुगाड़ लगाकर पानी ले जाने का प्रयास करने के बाद भी पूरी तरह सफलता नहीं मिल पाती है। इससे खेती प्रभावित हो रही है। क्षेत्रीय किसानों ने लघु सिंचाई विभाग के अधिकारियों से समस्या के समाधान के लिए गुहार लगाया है।