अलीनगर थाना क्षेत्र के नेशनल हाईवे स्थित बिलारीडीह के समीप शनिवार की भोर में सड़क किनारे खड़ी मैजिक में तेज गति से जा रहे ट्रक ने टक्कर मार दी। जिससे चालक की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि खलासी गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को इलाज के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। जहां उसकी हालत गंभीर है। उधर, घटना के बाद चालक वाहन समेत फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार, चकिया क्षेत्र के बनौली गांव निवासी राकेश यादव उर्फ विक्की (21) अपने खलासी विजय यादव (25) निवासी बेदौली के साथ मैजिक मालवाहन लेकर वाराणसी की ओर जा रहा था। जैसे ही वह नेशनल हाइवे पर बिलारीडीह के समीप पहुंचा तभी उसका वाहन बिगड़ गया। वाहन को सड़क किनारे खड़ा कर वह उसे ठीक कर रहा था इसी बीच चंदौली से वाराणसी की ओर तेज गति से जा रहे ट्रक ने मैजिक में जोरदार टक्कर मार दी। जिससे चालक राकेश यादव की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं खलासी विजय यादव गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
नियामताबाद संवाददाता के अनुसार, अलीनगर थाना क्षेत्र के नियामताबाद विकास खंड कार्यालय के सामने चंदौली की तरफ जा रही बोलेरो को ट्रैक्टर ने टक्कर मार दी। जिससे बोलेरो चालक फुटिया गांव निवासी घनश्याम तिवारी (35) घायल हो गए। वहीं बबुरी-मुगलसराय मार्ग पर नियामताबाद गांव के समीप कार और मालवाहक की टक्कर हो गई। जिससे कार सवार सपा जिला पंचायत सदस्य व जिला समाजावादी पार्टी उपाध्यक्ष रामसेवक यादव (45), दिरेहूं गांव के पूर्व प्रधान मोछू यादव (50) और देवगौड़ा (53) घायल हो गए। घायलों गोधना स्थित एक निजी चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। हादसे के बाद मालवाहक सड़क किनारे गड्ढे में पलट गया।