कंदवा। सैयदराजा-जमानिया राष्ट्रीय राजमार्ग पर कंदवा स्थित पेट्रोल पंप के पास रविवार को करीब दो बजे बालू लदे खड़े ट्रक के चालक ने थाने के पुलिसकर्मियों पर लाठी से मारपीट कर घायल करने का आरोप लगाया है। साथ के अन्य ट्रक चालकों व रिश्तेदारों ने इसकी सूचना गाड़ी मालिक को दी और घायल चालक को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया।
गाजीपुर जनपद के नंदगंज थाना क्षेत्र के मुश्काबाद गांव निवासी ट्रक चालक रामप्रवेश यादव (40) कंदवा स्थित एक पेट्रोल पंप के पास अपना बालू लदा ट्रक खड़ा कर आराम कर रहा था। उसका आरोप है कि उसी दौरान थाने की गाड़ी में सवार एक उपनिरीक्षक सहित कुछ पुलिसकर्मी आए और बिना कुछ पूछे ही उस पर लाठियों से प्रहार करना शुरू कर दिया। इससे चालक को गंभीर चोट आयी। चालक के बेहोश होते ही मौके की नजाकत को भांपते हुए पुलिसकर्मी वहां से निकल गए। साथी चालकों ने घायल ट्रक चालक के परिजनों, रिश्तेदारों और ट्रक मालिक को पूरे वाकया से अवगत कराया। ट्रक मालिक के कहने पर ट्रक चालक उसे निजी साधन से इलाज के लिए बरहनी पीएचसी ले गए जहां स्थिति गंभीर देख चिकित्सकों ने चालक को जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया। सहयोगी ट्रक चालक श्रीभगवान, शमीम, अखिलेश्वर, गगनू आदि ने स्थानीय पुलिस की कार्यशैली पर आक्रोश जताते हुए उच्चाधिकारियों का ध्यान आकृष्ट कराया है। इस संबंध में कंदवा थाना प्रभारी अशोक मिश्रा का कहना है किसी ट्रक चालक ने कोई तहरीर नहीं दी है। मामला संज्ञान में आने पर कार्रवाई की जाएगी।