पीडीडीयू नगर। शहीदों की चिताओं पर लगेंगे हर बरस मेेले, वतन पर मिटने वालों का बाकी यही निशां होगा। कश्मीर के पुलवामा में 42 जवानों की शहादत के बाद उमड़ा गुस्सा दो वर्ष बाद भी लोगों के दिलों में ठंडा नहीं हुआ है। पुलवामा हमले की दूसरी बरसी पर भी शहीदों को नमन करने के लिए मानो पूरा जिला सड़क पर उमड़ पड़ा। युवाओं ने कहीं तिरंगा यात्रा निकाली तो कहीं बाइक जुलूस निकाल कर नारेबाजी की। वहीं कैंडल मार्च निकाल कर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की।
दूसरी तरफ पुलवामा में शहीद हुए जिले के लाल अवधेश यादव के बहादुरपुर गांव स्थित आवास पर भी श्रद्धांजलि देने वालों का तांता लगा रहा।
नगर के युवाओं ने रविवार की शाम अग्रवाल सेवा संस्थान से तिरंगा यात्रा निकाली। हाथों में तिरंगा लहराते हुए भारत माता की जय, अवधेश यादव अमर रहे, पाकिस्तान होश में आओ आदि के नारे लगाते हुए युवा जीटी रोड होते हुए पीडीडीयू जंक्शन के सर्कुलेटिंग एरिया में राष्ट्रीय ध्वज के समीप पहुंचे। यहां ध्वज को नमन करने के बाद जीटी रोड, कैलाशपुरी होते हुए अग्रवाल सेवा संस्थान पहुंच कर यात्रा समाप्त की। तिरंगा यात्रा में आशुुतोष मिश्र, अमित श्रीवास्तव, मोहित श्रीवासतव, अभिषेक यादव, जितेन्द्र यादव, राहुल चौधरी रहे। इसी तरह लक्ष्य सुपर-30 संस्था की ओर से नगर के अलीनगर में स्थित न्यू प्रीपवेल कोचिंग सेंटर में रविवार को पुलवामा हमले में हुए शहीद जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित किया गया। इस मौके पर सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता भी हुई। इसमें छात्रों ने सवालों पर माथापच्ची की। इसके पूर्व पुलवामा हमले में जिले के बहादुरपुर निवासी अवधेश यादव सहित अन्य सभी जवानों के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की। युवाओं ने दो मिनट का मौन रख कर जवानों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की गई। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रिटायर्ड फौजी भोला नाथ यादव ने कहा कि जवानों से ही देश सुरक्षित है। देश के लिए सर्वस्व बलिदान देने वालों को देश कभी नहीं भूल सकता है।
कंदवा। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के बैठक रविवार को संगठन के संरक्षक रमेश राय के पई गांव स्थित आवास पर हुई।इसमें पुलवामा में आतंकी हमले में शहीद हुए जवानों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस दौरान वक्ताओं ने केन्द्र सरकार से आतंकियों के खिलाफ कड़ी कार्यवाही की मांग की। बैठक में प्राथमिक शिक्षक संघ बरहनी के अध्यक्ष डॉ संजय सिंह, उत्तर प्रदेशीय जूनियर हाईस्कूल बरहनी के अध्यक्ष अच्युतानंद त्रिपाठी, रमेश राय, जितेंद्र प्रजापति, रमाशंकर शर्मा, गोपाल प्रसाद खरवार, दिनेश सिंह, युगेश सिंह रहे।