हनुमान जयंती पर निकली शोभा यात्रा में सजी श्रीराम झांकी।
हनुमान जयंती के मौके पर रामचरित मानस संघ की ओर से दो दिवसीय श्रीहनुमान जन्मोत्सव और रामचरित मानस संघ के वार्षिकोत्सव के पहले दिन गुरुवार को नई सट्टी स्थित हनुमान, दुर्गा मंदिर से भव्य पालकी यात्रा निकाली गई। पालकी यात्रा में लोगों ने खूब जयकारे लगाए। इससे पूरा नगर भक्तिमय हो गया।
हनुमान पालकी यात्रा की तैयारी बहुत पहले से चल रही थी। सुबह छह बजे ही हनुमान दुर्गा मंदिर पर भक्तों का जमावड़ा लग गया। सुबह आठ बजे गाजे बाजे के साथ शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा के आगे दो घोड़े और दो ऊंट चल रहे थे। उसके पीछे भगवान गणेश का रथ और उसके पीछे महिलाएं गीत गाते हुए चल रही थी। इसके बाद गीत गाते हुए पुरुष चल रहे थे और उसके पीछे हनुमानजी की पालकी चल रही थी। उसके पीछे राम लक्ष्मण, जानकी और शिव पावर्ती व हनुमानजी की झांकी लोगों का मन मोह रही थी। सबसे आगे रामध्वजा लेकर लोग चल रहे थे। शोभा यात्रा नई सट्टी, कैलाशपुरी, रविनगर, पटेलनगर, पानी टंकी रोड, लाठनंबर एक, लाठ नंबर दो, गल्ला मंडी, जीटी रोड स्थित सपा कार्यालय होते हुए मंदिर पर पहुंच कर समाप्त हुआ। इसके बाद दोपहर बारह बजे से अखंड रामायण पाठ की शुरूआत की गई।
इसके पूर्व पूरे नगर को केशरिया ध्वज से पाट दिया गया। वहीं शोभायात्रा वाले रास्ते पर चूने का छिड़काव किया गया था। डीजे पर बज रहे भक्तिगीतों से माहौल भक्तिमय रहा। शोभायात्रा में सुधीर कंदवी, अशोक शुक्ला, अनिल जायसवाल, दीपक सेठ, आनंद गुप्ता, अतुल चौबे, अल्लू यादव, विकास जायसवाल, प्रदीप आर्य आदि रहे।