पीडीडीयू नगर। मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत कस्बा स्थित काली मंदिर के समीप ड्यूटी पर तैनात एक टीएसआई पर रविवार की रात नशे में घुत किन्नर ने हमला कर दिया। किन्नर ने ट्रैफिक दरोगा को दो-तीन थप्पड़ जड़ दिये। मौके पर मौजूद लोग जब तक कुछ समझ पाते तब तक किन्नर अपने साथियों के साथ ई-रिक्शा पर बैठकर मौके से फरार हो गया। घटना के बाद पुलिस अज्ञात किन्नर के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर तलाश में जुट गई है।
जिले में किन्नरों का आतंक है। मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र में पड़ाव से लेकर स्टेशन तक इनको बोलने वाला कोई नहीं है। शाम होते ही जगह-जगह इनका मजमा लग जाता है। कई किन्नर तो रात में शराब के नशे में घुत रहते हैं। रविवार की रात लगभग साढ़े आठ बजे काली मंदिर के पास टीएसआई राम गहन राम ड्यूटी पर तैनात थे। वह यातायात व्यवस्था संभाल रहे थे।
टीएसआई राम गहन राम ने बताया कि एक किन्नर अपने दो साथियों के साथ वहां पहुंचा और ड्यूटी में बाधा पहुंचाते हुए बिना किसी बात के गाली देने लगा। जब उन्होंने इसका विरोध किया तो उसने दो-तीन थप्पड़ भी जड़ दिये। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
सूचना पर मुगलसराय कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची टीएसआई राम गहन राम की तहरीर पर किन्नर समेत दो लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है। मुगलसराय कोतवाली प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार सिंह ने बताया कि अज्ञात किन्नर के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले में कार्रवाई की जा रही है।