चहनिया। क्षेत्र के खंडवारी बस्ती में जला ट्रांसफार्मर एक सप्ताह बाद भी नहीं बदला जा सका है। उमस भरी गर्मी में बिना बिजली के लोगों को जीना मुहाल हो गया है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि कई बार शिकायत के बाद भी विद्युत विभाग के अधिकारी कार्य के प्रति लापरवाह बने हुए है। इससे ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है।
चहनिया कस्बा से सटे खंडवारी बस्ती में लगा 25 केबीए का ट्रांसफार्मर एक सप्ताह पूर्व जल गया था। इसके बाद ग्रामीणों ने ट्रांसफार्मर बदले जाने के लिए विद्युत विभाग के अधिकारियों को शिकायत की थी। बावजूद इसके अब अधिकारियेें ने शिकायत पर ध्यान नहीं दिया है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार की ओर से अधिकारियों को निर्देशित किया गया 48 घंटे के भी जले हुए ट्रांसफार्मर को बदला जाए लेकिन अधिकारी लापरवाह बने हुए है। बता दें कि ट्रांसफार्मर बदलने को ही लेकर दो दिन पूर्व चहनियां स्थित विद्युत उपकेंद्र पर ग्रामीणों ने तोड़फोड़कर कर बवाल काटा था। ग्रामीणों ने चेताया कि यदि शनिवार तक ट्रांसफार्मर नहीं लगाया तो ग्रामीण उपकेंद्र का घेराव करने को बाध्य होंगे।