कंदवा। क्षेत्र के कोरमी गांव में लगा 25 केवीए का विद्युत ट्रांसफार्मर एक पखवारे से जला है। इससे दर्जन भर घरों की विद्युत आपूर्ति ठप है। बिजली न मिलने से लोगों को परेशानी हो रही है। टोलफ्री नंबर के साथ विभागीय अधिकारियों से शिकायत करने के बावजूद जले ट्रांसफार्मर को नहीं बदला जा सका है।
गांव में शिव मंदिर के पास लगे 25 केवीए के विद्युत ट्रांसफार्मर से दर्जन भर घरों में विद्युत आपूर्ति होती है। करीब एक पखवारे पूर्व तकनीकी खराबी आने से ट्रांसफार्मर जल गया जिससे दर्जन भर घरों में अंधेरा छा गया। ग्रामीणों ने इसकी शिकायत टोलफ्री नंबर पर करने के साथ बिजली विभाग के संबंधित अधिकारियों को भी दी। इसके एक सप्ताह बाद ट्रांसफार्मर बदला गया लेकिन लगने के बाद पता चला कि यह भी जला है । इसके बाद ग्रामीणों ने फिर से टोलफ्री नंबर व विभागीय अधिकारियों से शिकायत की लेकिन बिजली विभाग ने एक सप्ताह बाद भी ट्रांसफार्मर बदलना मुनासिब नहीं समझा। इससे भीषण उमस में लोगों को परेशानियों का समाना करना पड़ रहा है। उपभोक्ता मोनू राय, सतीश राय ,गुड्डू राय, अनिल राय, सीता बिंद, शिवमूरत बिंद, विनय बिंद आदि ने जिलाधिकारी का ध्यान आकृष्ट कराते हुए तत्काल जले ट्रांसफार्मर को बदलवाने की मांग की है।