पीडीडीयू नगर। वासंतिक नवरात्र की शुरुआत 30 मार्च से हो रही है। नवरात्र छह अप्रैल तक चलेगा। देवी आराधना के महापर्व के दौरान काफी संख्या में शक्ति के उपासक माता वैष्णव देवी, मैहर देवी, माता विंध्यवासिनी, मां कामाख्या धाम, मुंबई में मां मुंबा देवी के दर्शन-पूजन के लिए जाते हैं। देवी के धाम जाने वाली ट्रेनों में सीट फुल हैं। ऐसे में भक्तों को दिक्कत हो रही है।
होली के बाद अब वैसे तो अपलाइन की ओर जाने वाली ट्रेनों में ज्यादा भीड़ हो रही है। नवरात्र के दौरान जिले से सबसे ज्यादा लोग मैहर देवी और मां विंध्यवासिनी के दर्शन-पूजन के लिए जाते हैं। मैहर जाने वाली ट्रेनों में पीडीडीयू जंक्शन से दानापुर-पुणे एक्सप्रेस में 30 मार्च को स्लीपर में 55, 31 मार्च को 19, एक अप्रैल को 18, दो को 13, तीन को 12 वेटिंग है। थर्ड एसी में तीन अप्रैल को दो सीट उपलब्ध है। इसी तरह पटना-लोकमान्य तिलक जनता एक्सप्रेस के स्लीपर में चार अप्रैल तक 10 से अधिक वेटिंग है। शिप्रा एक्सप्रेस में 11 अप्रैल तक स्लीपर में रिग्रेट (अब बुकिंग नहीं हो सकती) दिख रहा है। यही हाल मुंबई मेल में भी है। दानापुर-सिकंदराबाद, संघमित्रा एक्सप्रेस के स्लीपर, थर्ड एसी में भी नवरात्र में कोई सीट उपलब्ध नहीं है। मां मुंबा देवी के दर्शन के लिए मुंबई जाने वाले यात्रियों को भी ट्रेन में सीट खोजने में परेशानी हो रही है। पटना-लोकमान्य तिलक जनता एक्सप्रेस, मुंबई मेल, पाटलिपुत्र एक्सप्रेस, पटना-छत्रपति शिवाजी टर्मिनस, गोड्डा-लोकमान्य तिलक एक्सप्रेस में स्लीपर और थर्ड एसी में 30 से ज्यादा वेटिंग दिखा रहा है। मां कामाख्या देवी के दर्शन-पूजन के लिए गुवाहाटी जाना पड़ेगा। यहां के लिए नवरात्र में डिब्रूगढ़ राजधानी एक्सप्रेस में 30 मार्च को थर्ड एसी में सीट रिग्रेट है, जबकि सेकेंड एसी में पांच और फर्स्ट एसी में दो वेटिंग है। गुवाहाटी एक्सप्रेस में स्लीपर, थर्ड एसी, सेकेंड एसी में सीट रिग्रेट है। ब्रह्मपुत्र मेल के स्लीपर में चार अप्रैल तक 20 से ज्यादा वेटिंग है, जो थर्ड एसी में 30 मार्च को 22, 31 को 16, एक अप्रैल को 12 वेटिंग है। नार्थ ईस्ट एक्सप्रेस में 30 मार्च को थर्ड एसी में सीट रिग्रेट है, जबकि 31 मार्च से चार अप्रैल तक 22 से अधिक वेटिंग है। इस संबंध में पूर्व मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सरस्वती चंद्र ने बताया कि यात्रियों की संख्या की लगातार समीक्षा की जाती है।