जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग और पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने सोमवार को निर्माणाधीन पुलिस लाइन और आवासीय भवनों का निरीक्षण किया। इस दौरान निर्माण कार्य की अपेक्षित प्रगति नहीं मिलने पर अधिकारियों ने नाराजगी जताई। उन्होंने कार्यदायी संस्था को मजदूरों की संख्या बढ़ाकर काम में तेजी लाने और निर्धारित समय सीमा के भीतर परियोजना पूरी करने के सख्त निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान डीएम और एसपी ने पुलिस लाइन के विभिन्न हिस्सों और आवासीय भवनों में चल रहे निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लिया। धीमी गति पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। कार्यदायी संस्था पर्याप्त संख्या में मजदूर लगाकर काम की गति बढ़ाए, ताकि परियोजना समय से पूरी हो सके।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्य में मानक के अनुरूप और गुणवत्तापूर्ण सामग्री का ही इस्तेमाल किया जाए। गुणवत्ता के मामले में किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा। डीएम ने कार्यदायी संस्था और संबंधित अधिकारियों को चेतावनी दी कि निर्माण कार्य में किसी प्रकार की शिकायत मिलने पर उसकी जांच कराई जाएगी। लापरवाही या गुणवत्ता में कमी पाए जाने पर संबंधित की जिम्मेदारी तय कर कठोर कार्रवाई की जाएगी।