बबुरी। स्थानीय थाना के जगदीशपुर गांव केे समीप शनिवार की रात बांस लादकर जा रहे ट्रैक्टर के अनियंत्रित होकर खेत में पलट जाने से चालक की मौत हो गई। आस पास के लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। चालक जमालपुर का रहने वाला था और बांस लादकर जमालपुर जा रहा था।
मिर्जापुर जनपद के जमालपुर के ओड़ी भदावल गांव निवासी चालक रमेश बियार (40) शनिवार को ट्रैक्टर लेकर धरौली गया था। यहां से हरा बांस ट्रैक्टर ट्राली पर लादकर वापस चला था। रात आठ बजे वह बेन धरौली मार्ग पर जगदीशपुर गांव के समीप दैत्राबाबा मंदिर के समीप पहुंचा था कि गड्ढे से बचने के चक्कर में ट्रैक्टर अनियंत्रित हो गया और ट्राली उछल गई। इस बीच ट्राली पर लदा एक बांस फिसलकर आगे आ गया और चालक के सिर में घुस गया। इससे चालक की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं ट्रैक्टर भी खेत में पलट गया। ट्रैक्टर पलटने की आवाज सुनकर एकत्र लोगों ने पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने मृत चालक की पहचान की और परिवार वालों को सूचित किया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।