धानापुर के नगवा-चोचकपुर पुल पर आवागमन करते लोग। संवाद
धानापुर। क्षेत्र के नगवा में गंगा घाट पर बना पीपा पुल को पांच महीने बाद सोमवार से आवागमन के लिए खोल दिया गया है। इससे गाजीपुर मुख्यालय की दूरी लगभग 40 किलोमीटर कम हो जाएगी व तटवर्ती इलाकों के लोगों को शिक्षा, स्वास्थ्य और व्यापारिक गतिविधियों में विशेष सुविधा मिलेगी। इससे पूर्व लोगों को नाव से आवागमन करना पड़ रहा था।
पीपा पुल को 15 नवंबर से चालू किया जाना था लेकिन गंगा में जलस्तर अधिक होने और क्रूज संचालन के कारण इसे समय पर नहीं लगाया जा सका। सोमवार को जलस्तर सामान्य होने के बाद पुल को पूरी तरह स्थापित कर दिया गया है। पीडब्ल्यूडी के अवर अभियंता आरके चौहान ने बताया कि गंगा में पानी अपेक्षाकृत अधिक होने के कारण पुल लगाने में देरी हुई लेकिन अब इसे सुरक्षित रूप से जोड़कर आवाजाही शुरू कर दी गई है। पुल का संचालन 15 जून तक चलेगा।