कोतवाली क्षेत्र के भोजापुर रेलवे फाटक पर जाम की समस्या राहगीरों के लिए मुसीबत बन गई है। खासकर शाम के समय फाटक के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग जाती है। जाम से निजात दिलाने के लिए पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है, लेकिन इसके बावजूद यातायात व्यवस्था में सुधार नहीं हो रहा है। मंगलवार देर शाम लगे जाम में तहसीलदार का सरकारी वाहन भी फंस गया। वाहन का हूटर बजने के बावजूद रास्ता नहीं खुला। इस दौरान ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी जाम हटवाने के बजाय किनारे खड़े नजर आए।
जाम में तहसीलदार का वाहन फंसने पर लोगों ने पुलिसकर्मियों की निष्क्रियता पर नाराजगी जताई। उनका कहना था कि जब जाम हटवाने के लिए पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है तो उन्हें सक्रियता से यातायात नियंत्रित करना चाहिए। केवल मौके पर मौजूद रहने से समस्या का समाधान नहीं होगा। रेलवे फाटक खुलने के बाद वाहनों को व्यवस्थित तरीके से निकलवाने और सड़क पर बेतरतीब खड़े वाहनों को हटवाने की जरूरत है।
इस संबंध में थानाध्यक्ष भूपेंद्र निषाद ने बताया कि रेलवे फाटक पर जाम की समस्या दूर करने के लिए पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। उन्हें यातायात सुचारु कराने और जाम हटवाने के निर्देश दिए गए हैं।