रॉबर्ट्सगंज में राज्य कर विभाग की ओर से व्यापारी संवाद में शामिल लोग। स्रोत स्वयं
- फोटो : मनीष शर्मा
राज्य कर विभाग की ओर से सोमवार को उरमौरा स्थित एक होटल में व्यापारी संवाद का आयोजन हुआ। विभागीय अधिकारियों ने व्यापारियों को जीएसटी के विभिन्न प्रावधानों, ऑनलाइन रिटर्न दाखिल करने की प्रक्रिया, ई-वे बिल, कर अनुपालन और शासन की विभिन्न सुविधाओं की जानकारी दी।
साथ ही व्यापारियों की समस्याएं और सुझाव भी सुने गए। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि व्यापारियों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाएगा। व्यापारिक गतिविधियों को सुगम और पारदर्शी बनाने के लिए विभाग लगातार प्रयासरत है। कार्यक्रम का शुभारंभ मिर्जापुर मंडल के ज्वॉइंट कमिश्नर डीके दुबे ने किया।
उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार संगठन के जिलाध्यक्ष कौशल शर्मा ने राज्य कर विभाग कार्यालय में व्यापारियों के बैठने और पेयजल की व्यवस्था न होने का मुद्दा उठाया।
उन्होंने हाईकोर्ट की गाइडलाइन का हवाला देते हुए कहा कि अगर किसी व्यापारी का माल एक प्रदेश से दूसरे प्रदेश जा रहा हो तो बीच के प्रदेश में सचल दल की ओर से वाहन रोकने अथवा माल सीज करने जैसी कार्रवाई नहीं होनी चाहिए। सचल दल द्वारा ट्रांसपोर्ट वाहनों की चाबी और मोबाइल फोन अपने कब्जे में लेना असंवैधानिक एवं अव्यवहारिक है।