शिकारगंज। क्षेत्र के बलिया कला गांव निवासी ढाई वर्षीय मासूम शिवम चौहान की शनिवार को ट्रैक्टर ट्राली की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना के बाद मौके से भाग रहे चालक समेत ट्रैक्टर को लोगों ने बाइक से पीछा कर पकड़ लिया। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भेज दिया और ट्रैक्टर को थाने ले आई।
शिकारगंज चौकी क्षेत्र के अहरौरा चकिया मार्ग पर बसे बलिया कला गांव निवासी विक्रम नाथ चौहान का सबसे छोटा पुत्र शिवम चौहान शनिवार को अपनी मां अनीता देवी के साथ घर के सामने सड़क किनारे खड़ा था। इसी बीच अहरौरा की ओर से आ रहे ट्रैक्टर ट्राली ने उसे कुचल दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद ग्रामीणों ने बाइक से दौड़ाकर चालक समेत ट्रैक्टर को पकड़ लिया। मासूम की मौत के बाद परिवार में कोहराम मच गया। सूचना के बाद मौके पर पहुंचे चौकी प्रभारी ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भेज दिया। साथ ही चालक समेत ट्रैक्टर ट्राली कोतवाली ले आए और आगे की कार्रवाई में जुट रहे।