सकलडीहा। कोतवाली क्षेत्र के ईटवा गांव में शनिवार सुबह टहलते समय एक युवक अचानक अचेत होकर सड़क पर गिर गया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। परिजनों के अनुसार युवक की मौत ब्रेन हैमरेज के कारण हुई है। युवक की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया।
गांव निवासी बसंत मौर्या का एकलौता पुत्र नामवर मौर्या (40) शनिवार की सुबह टहलने निकला था। रास्ते में अचानक वह गश खाकर सड़क पर गिर गया। आनन-फानन में परिजन उसे वाराणसी के एक निजी अस्पताल में ले गए, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना की जानकारी होने पर पत्नी कविता, पुत्र आदर्श व पुत्री आकांक्षा और रूबी सहित परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। परिजनों ने बलुआ घाट पर शव का दाह संस्कार कर दिया।