नगर के सुजानगंज चौराहे के पास बाइक की टक्कर से ड्यूटी कर लौट रहे दो सिपाही घायल हो गए। वहीं, जमुहर बाजार के पास चार पहिया वाहन की टक्कर से एक राहगीर भी घायल हो गया। तीनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद राहगीर को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
अस्पताल के चिकित्सक डॉ. अमरेश अग्रहरि ने बताया कि सुजानगंज थाने में तैनात सिपाही दिलीप कुमार (26) और अभिषेक (25) धनतेरस पर मछलीशहर नगर में ड्यूटी पर तैनात थे। शुक्रवार देर शाम ड्यूटी पूरी कर दोनों बाइक से घर लौट रहे थे। सुजानगंज चौराहे के पास एक बाइक सवार ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। इससे दोनों सड़क पर गिरकर घायल हो गए। हादसे के बाद बाइक सवार मौके से भाग गया। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को सीएचसी पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार किया गया। दूसरी घटना में भदोही जिले के सुरियावां थाना क्षेत्र के कैरा गांव निवासी बबलू (35) की बाइक में जमुहर बाजार के पास अज्ञात चार पहिया वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें सीएचसी लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सक ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया।