पीडीडीयू जीआरपी द्वारा बरामद मोबाइल। संवाद
पीडीडीयू नगर। दीपावली पर चंदौली पुलिस ने 111 लोगों को उनके खोए मोबाइल लौटाए। शनिवार को पुलिस लाइन के नवीन सभागार में आयोजित कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने मोबाइल उनके वास्तविक स्वामियों को सौंपे। बरामद 111 मोबाइल की अनुमानित कीमत 33 लाख 30 हजार रुपये है।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सीईआईआर पोर्टल की मदद से मोबाइल बरामदगी का अभियान चलाया गया। इसमें विभिन्न थानों की पुलिस के साथ स्वाट और सर्विलांस टीम ने तकनीकी माध्यमों से मोबाइल ट्रेस कर बरामद किए। मुगलसराय पुलिस ने सबसे अधिक 22 मोबाइल बरामद किए। सकलडीहा से 19, चंदौली से 16, चकिया से 12, बबुरी से नौ, चकरघट्टा से सात और शहाबगंज से छह मोबाइल मिले।
धानापुर, धीना और कंदवा से चार-चार, इलिया और सैयदराजा से तीन-तीन तथा बलुआ और नौगढ़ से एक-एक मोबाइल बरामद हुए।
वर्ष 2026 में अब तक छह चरणों में पुलिस 630 मोबाइल बरामद कर उनके स्वामियों को सौंप चुकी है। इनकी अनुमानित कीमत एक करोड़ 85 लाख 10 हजार रुपये है।
इनमें तीन मार्च को 75, 20 अप्रैल को 121, तीन जून को 111, 28 जुलाई को 111, आठ सितंबर को 101 और सात नवंबर को 111 मोबाइल बरामद किए गए। एसपी आकाश पटेल ने बताया कि गुम मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए अभियान जारी रहेगा।