स्थानीय नगर पंचायत के वार्ड नंबर नौ में स्थित हैप्पी मॉडल पब्लिक स्कूल में शनिवार को निशुल्क योग विज्ञान शिविर का आयोजन किया गया। इसमें योग प्रशिक्षकों ने छात्रों, अध्यापकों के साथ ही अभिभावकों को निरोग रहने के गुर सिखाए।
कार्यक्रम की शुरूआत मुख्य अतिथि योग प्रशिक्षक राजेश योगी ने दीप प्रज्ज्वलन के साथ की। इस दौरान उन्होंने कक्षा तीन से नौवीं तक के बच्चों को योग एवं विज्ञान के समन्वय के बारे में विस्तार से बताया। बच्चों ने उत्साहपूर्वक योग में निहित कलाओं, व्यायाम, प्राणायाम एवं विभिन्न प्रकार के आसनों के बारे में जानकारी हासिल की। राजेश योगी ने सूर्य नमस्कार, सिंहासन, कपाल-भाति , अनुलोम विलोम आदि का प्रयोग करके दिखाया और बताया कि इससे न सिर्फ शरीर निरोग रहता है बल्कि मन भी स्वस्थ रहता है। इस अवसर पर विद्यालय के प्रबंधक अभिषेक अग्रहरि ने कहा कि योग आत्मा का परमात्मा से मिलन की एक प्रक्रिया है । कार्यक्रम में उपस्थित बच्चा बाबू अग्रहरि ने पतंजलि योग संस्था के विषय में जानकारी दी। विद्यालय के समस्त अध्यापक एवं अध्यापिकाएं मौजूद रहीं। धन्यवाद ज्ञापन प्रधानाचार्य अतुल अग्रहरि ने की।