पीडीडीयू नगर। मेरठ के पीलौना, मवाना स्थित महर्षि दयानंद सरस्वती इंटर कॉलेज में 10 से 12 सितंबर तक आयोजित 70वीं राज्य स्तरीय राइफल शूटिंग प्रतियोगिता में वाराणसी मंडल के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। चंदौली के तीन खिलाड़ियों ने पदक जीतकर वाराणसी मंडल को प्रदेश में तीसरा स्थान दिलाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
जिला क्रीड़ा सचिव अरुण कुमार ने बताया कि प्रतियोगिता में मैढ़ी स्थित जेएसएस उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के छात्र राजवीर सिंह ने अंडर-17 पीपी साइड राइफल स्पर्धा में स्वर्ण पदक हासिल किया। वहीं, नगर पालिका इंटर कॉलेज के सुजीत यादव ने अंडर-19 पीपी साइड राइफल और उदय कुमार चौहान ने अंडर-19 ओपन साइड राइफल स्पर्धा में रजत पदक जीता। पदक विजेता तीनों खिलाड़ियों का चयन भोपाल में होने वाली राष्ट्रीय राइफल शूटिंग प्रतियोगिता के लिए हुआ है।