शहाबगंज। शहाबगंज थाना क्षेत्र के किड़िहिरा गांव में शनिवार की दोपहर कुएं में उतरे चाचा आखिर जमा (30), भतीजे वारिस अली (18) और तौकीर आलम (30) की जहरीली गैस से मौत हो गई। वहीं, शमशेर अली (20) और जुनैद (23) को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। गांव में सिंचाई के लिए कुएं में सबमर्सिबल पंप लगाया गया था, जो ऊपर से ढका था। पंप खराब होने पर उसे निकालने के दौरान यह हादसा हुआ।
किड़िहिरा निवासी बसरुद्दीन का छोटा बेटा वारिस अली दोपहर में करीब 12:30 बजे खराब पड़े सबमर्सिबल पंप को निकालने के लिए कुएं में उतरा। काफी देर तक वह बाहर नहीं आया तो उसका दोस्त तौकीर आलम (30) रस्सी के सहारे कुएं में उतरा। कुछ समय बीतने पर दोनों बाहर नहीं निकले तो वारिस के चाचा आखिर जमा (30) भी कुएं में उतर गए। कुएं में मौजूद जहरीली गैस के कारण तीनों अंदर ही बेहोश हो गए थे। इसके बाद वारिस का दूसरा दोस्त शमशेर अली (20) और जुनैद (23) मुंह में गमछा बांधकर कुएं में उतरे और बेहोश तीनों को रस्सी से बांध दिया, जिनको ग्रामीणों ने ऊपर खींच लिया। लेकिन बाहर निकलते ही शमशेर और जुनैद की भी हालत बिगड़ गई।
इसके बाद ग्रामीणों ने पांचों को जिला अस्पताल चंदौली पहुंचाया। डॉक्टरों ने जांच के बाद आखिर जमा, तौकीर आलम और वारिस अली को मृत घोषित कर दिया, जबकि शमशेर अली और जुनैद का इलाज चल रहा है। पुलिस ने तीनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना की सूचना मिलते ही डीएम चंद्र मोहन गर्ग और एसपी आकाश पटेल ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढ़स बंधाया और हरसंभव सरकारी सहायता का आश्वासन दिया।
कोट-
- कुएं में सबमर्सिबल पंप निकालने उतरे तीन युवकों की जहरीली गैस या ऑक्सीजन की कमी से मौत हो गई है। पीड़ित परिवार की हरसंभव मदद की जाएगी। जिले में जहां भी ऐसे कुएं हैं, वहां के लोगों को जागरूक किया जाएगा। - चंद्रमोहन गर्ग, डीएम, चंदौली।
आखिरी जामा उर्फ मोनू, फाइलफोटो, जहरीली गैस से मौत की खबर के लिए, संवाद- फोटो : credit
आखिरी जामा उर्फ मोनू, फाइलफोटो, जहरीली गैस से मौत की खबर के लिए, संवाद- फोटो : credit