सकलडीहा विकासखंड के आलमपुर गांव स्थित तालाब को जाने वाला वर्षों से खराब मुख्य मार्ग के मरम्मत का कार्य इन दिनों छठ पूजा पर्व को देखते हुए युद्ध स्तर पर कराया जा रहा है। इससे इस बार छठ पूजा के लिए जाने वाली व्रती महिलाओं के पैर में नुकीली गिट्टियां नहीं चुभेंगी। क्षेत्र के आलमपुर गांव स्थित तालाब के साथ-साथ मुख्य मार्ग भी मरम्मत के अभाव में लगभग चार दशक से खराब पड़ा हुआ था। छठ पूजा के पर्व पर व्रती महिलाओं को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
इसको ध्यान में रखते हुए ग्राम प्रधान गुलजारी देवी व प्रतिनिधि श्याम नारायण यादव द्वारा तालाब मरम्मत के साथ-साथ घाट निर्माण व तालाब पर जाने वाला मुख्य मार्ग का भी जिर्णोद्धार लाखों रुपए लागत से कराया जा रहा है। ताकि छठ पूजा के पर्व पर व्रती महिलाओं को आवागमन के साथ-साथ पूजा करने में घाट पर भी किसी तरह की समस्या से जुझना न पड़े। ग्राम प्रधान प्रतिनिधि श्याम नारायण यादव ने बताया कि यह समस्या काफी लंबे समय से गांव के लिए बनी हुई थी।
लेकिन इसको धीरे-धीरे दूर करने का प्रयास हम लोगों द्वारा किया जा रहा है। ताकि छठ पूजा के दौरान किसी प्रकार की महिलाओं और श्रद्धालुओं को समस्या से जूझना ना पड़े।