त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को लेकर कलक्ट्रेट में बने नामांकन स्थल पर सोमवार को डीएम सुरेंद्र विक्रम और एसपी अमित वर्मा ने निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने डयूटी पर तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। इस दौरान जिलाधिकारी सुरेंद्र विक्रम ने कहा कि जो आयोग के निर्देश है, उसका पालन हर हाल में करें। इसके किसी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जायेगी।
वहीं एसपी अमित वर्मा ने सुरक्षा में लगे सीओ प्रमोद यादव, थानाध्यक्ष सदर साजिद सिददीकी, सैयदराजा थानाध्यक्ष आरपी यादव से स्थिति की जानकारी ली, उन्हें आवश्यक दिशा निर्देश भी दिए। साथ ही यह भी निर्देश दिया कि नामांकन की स्थिति का जायजा एक एक घंटे पर अवगत कराते रहें। एएसपी जियालाल यादव और सदर एसडीएम गिरीश कुमार ने भी नामांकन स्थल का जायजा लिया। इसके पूर्व डीएम व एसपी ने मुगलसराय स्थित केंद्र विद्यालय बने मतगणना स्थल का भी निरीक्षण किया।
एसपी ने बताया कि नौगढ व शहाबगंज के जिला पंचायत व क्षेत्र पंचायत चुनाव को सकुशल सम्पन्न कराने के लिए दो एडीशनल एसपी के साथ ही चार सीओ को तैनात किया गया है। इसके अलावा109 सब इंस्पेक्टर, 59 हेड कांस्टेबल, 950 आरक्षी और 1900 पीआरडी जवान व चौकीदार तैनात होंगे। इसके अलावा चार प्लाटून पीएसी की भी तैनाती की जायेगी।
नौगढ, चकरघटटा, शहाबगंज, इलिया, चकिया के थानाध्यक्षों को विशेष हिदायत दी है कि वह अपने अपने क्षेत्रों में चुनावी गतिविधियों पर पैनी नजर रखें। इसके अलावा दो जोन भी बनाये गये हैं। इसके अलावा सेक्टर पुलिस मजिस्टेट और वाराणसी से भी पुलिस फोर्स की मांग की गयी है।