थाना क्षेत्र के बरहनी, भदखरी और परसिया गांव में रविवार की रात हौसला बुलंद चोरों ने चार घरों को निशाना बनाकर 22 हजार रुपए नकदी सहित लाखों रुपये के आभूषण और बर्तन पर हाथ साफ कर दिया। भुक्तभोगियों ने सोमवार को कंदवा थाने में तहरीर दी है। पुलिस जांच में जुटी है।
बरहनी गांव निवासी वेदप्रकाश उर्फ हलचल सिंह के अनुसार रविवार की रात में जब घर के सभी सदस्य खाना खाकर सोए हुए थे तभी छत के रास्ते चोर घर में घुस गए। चोरों ने घर से तीन बाक्स व दो अलमारी तोड़कर उसमें रखी सोने का चार अंगूठी, एक सिकड़ी, एक जोड़ी झुमका, दो नथुनी, दो झाला, लक्ष्मी चैन, सोने और चांदी की चार-चार ज्यूतिया, चांदी के चार पायल, तीन सिक्के, सिरजना, कमर बंद, चांदी के कटोरी-गिलास और 18 हजार नकदी सहित साड़ी, पीतल और स्टील के बर्तनों पर हाथ साफ कर दिया। भुक्तभोगी के अनुसार 13 से 15 लाख के समान चोरी हुए हैं। वहीं चोरों ने परसिया गांव में उमाशंकर उर्फ बाबूलाल के घर में घुसकर सोने का दो जोड़ी झुमका, मंगल सूत्र, सोने का तीन लॉकेट, एक नथिया, चांदी की तीन जोड़ी पायल व चार हजार रुपए नकदी चुरा ले गए। बाबूलाल के अनुसार करीब चार लाख रुपए की चोरी हुई है। इसी गांव में चोरों ने संतलाल व भदखरी गांव में गिरीश नारायण सिंह के घर चोरी का प्रयास किया लेकिन जागे होने और शोर मचाने पर वे भाग निकले। इस संबंध में कोतवाल हरिश्चंद्र सरोज का कहना है कि मामले की जांच पड़ताल की जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।