पीडीडीयू नगर। बलुआ पिकेट के पास शनिवार की रात सड़क पर केक काटकर पार्टी मना रहे युवकों को पुलिसकर्मियों ने समझाया तो वे हाथापाई पर उतर आए। इस पर पुलिस ने तीन युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर दो को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही उनकी कार सीज कर दी।
बलुआ पुलिस पिकेट के पास शनिवार की रात को वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान बलुआ निवासी जितेंद्र सेठ अपने दो साथियों के साथ सड़क पर पार्टी मना रहा था। कार पर केक काटने के साथ तीनों युवक शोर मचाने लगे। यह देख पुलिसकर्मियों ने उन्हें मना किया तो वे हाथापाई पर उतर आए। घटना की जानकारी पाकर मौके पर पहुंचे बलुआ इंस्पेक्टर डॉ. आशीष मिश्र भी पहुंच गए। इस दौरान एक युवक भाग गया जबकि दो को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। साथ ही उनकी कार सीज कर दी। पुलिस ने इस मामले में तीन युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। बलुआ इंस्पेक्टर ने बताया कि सड़क पर हंगामा करने से मना करने पर युवक पुलिसकर्मियों से हाथापाई करने लगे। इसलिए उनके खिलाफ कार्रवाई की गई है।