पीडीडीयू नगर। पं. दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन पर त्योहारी सीजन में ट्रेनों के प्लेटफॉर्म नहीं बदले जाएंगे। विशेष परिस्थिति में यदि किसी ट्रेन का प्लेटफॉर्म बदला जाता है तो इसकी घोषणा 25 मिनट पहले की जाएगी। इससे स्टेशन पर भगदड़ की स्थिति से बचा जा सकेगा। यह निर्णय शनिवार को पीडीडीयू जंक्शन के प्लेटफॉर्म संख्या दो पर स्थित सभागार में स्टेशन अधीक्षक संजय कुमार सिंह की अध्यक्षता में हुई विभागीय अधिकारियों की बैठक में लिया गया।
बैठक में निर्णय लिया गया कि डाउन दिशा में जाने वाली और ऑन डिमांड चलने वाली ट्रेनों को प्लेटफॉर्म संख्या एक और दो पर लिया जाएगा। विशेष परिस्थिति में ही इन ट्रेनों को प्लेटफॉर्म संख्या तीन पर लिया जाएगा। पीडीडीयू जंक्शन से खुलने वाली अथवा यहां समाप्त होने वाली ट्रेनें एक साथ आमने-सामने के प्लेटफॉर्म पर नहीं आएंगी। दोनों ट्रेनों के प्लेटफॉर्म पर आने के बीच 30 मिनट का अंतराल रखा जाएगा।
फुट ओवरब्रिज और प्लेटफॉर्म संख्या एक व दो पर आरपीएफ की तैनाती रहेगी। यात्रियों के सुगम आवागमन के लिए एस्केलेटर के पास बिजली विभाग का एक कर्मचारी 24 घंटे तैनात रहेगा। ट्रेनों में पानी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए कैरेज एंड वैगन विभाग को मुस्तैद रहने का निर्देश दिया गया। इसी तरह लोको पायलट और ट्रेन मैनेजर को प्लेटफॉर्म से ट्रेन खुलने के बाद धीमी गति से आगे बढ़ाने का निर्देश दिया गया। भीड़ बढ़ने की स्थिति में अतिरिक्त टिकट काउंटर खोले जाएंगे।