पीडीडीयू नगर। हावड़ा दिल्ली रूट पर अति व्यस्त पं. दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन पर डारमेट्री (यात्री विश्रामालय) में सुविधाओं की कमी है। यहां तक कि इसमें मोबाइल चार्ज करने की सुविधा तक नहीं है। यही नहीं इसमें अनाधिकृत लोग घुस रहे हैं और उसमें रहने वाले यात्रियों को परेशान कर रहे हैं। डारमेंट्री में अनाधिकृत रूप से प्रवेश कर परेशान करने पर यात्री डॉ. मनीष मिश्र ने रेल मंत्री को ट्वीट कर शिकायत की है। यही नहीं डॉ. मनीष ने जीआरपी में तहरीर देकर जान माल की सुरक्षा की गुहार लगाई है। साथ ही अनाधिकृत रूप से घुसने वालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की भी शिकायत की है।
डॉ. मनीष मिश्र की ओर से दी गई तहरीर के अनुसार 14 से 15 दिसंबर तक पीडीडीयू जंक्शन के डारमेट्री में बुकिंग थी। इस दौरान इसमें अनाधिकृत रूप से घुसे लोगों ने परेशान कर दिया। कई बार अभद्रता भी की। इसकी शिकायत केयर टेकर से की तो सुनवाई नहीं हुई। इसके बाद ट्वीट कर शिकायत की। रात में जागने के कारण मेरी तबियत खराब हो गई। इस पर रेलवे के चिकित्सक मुझे देखने पहुंचे लेकिन क्या दवा दी, इसका पता नहीं। मेरी शिकायत पर अधिकारी मेरे पास पहुंचे और मुझ पर दबाव बनाने लगे। यही नहीं रात में मुझे डारमेट्री से निकाल कर एक नंबर रूम में शिफ्ट कर दिया गया। ऐसे में अनाधिकृत रूप से डारमेट्री में प्रवेश करने वाले और वाणिज्य विभाग के अधिकारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाए। इस संबंध में जीआरपी डीडीयू निरीक्षक सुरेश कुमार सिंह ने बताया कि यात्री की तहरीर ली गई है। इसके आधार पर जांच की जा रही है।