पीडीडीयू नगर। प्रभु श्रीराम का जीवन मानवता, सामाजिक समरसता और मर्यादित आचरण की सीख देता है। मनुष्य की पहचान पद और वैभव से नहीं, बल्कि उसके चरित्र, कर्तव्यनिष्ठा और मर्यादा से होती है। ये बातें सैयदराजा विधायक सुशील सिंह ने शनिवार रात चंदौली स्थित श्रीराम जानकी शिवमठ मंदिर परिसर में आयोजित 40वें मानस सम्मेलन में कहीं।
मानस एवं अध्यात्म प्रचार समिति की ओर से आयोजित सम्मेलन की चौथी निशा में भाजपा विधायक ने कहा कि प्रभु श्रीराम ने व्यक्तिगत सुखों का त्याग कर विपरीत परिस्थितियों में भी सत्य, धर्म और वचन का पालन किया। उनके आदर्शों को केवल सुनने के बजाय जीवन में उतारने की जरूरत है।
इस दौरान समिति के संस्थापक हरिद्वार सिंह, कोषाध्यक्ष शिव बच्चन सिंह, यजमान जयशंकर द्विवेदी और राजनारायण विश्वकर्मा ने विधायक को सम्मानित किया। इसके बाद मानस मर्मज्ञों ने श्रीराम-जानकी विवाह और केवट संवाद का संगीतमय वर्णन किया। उन्होंने केवट प्रसंग को निष्काम प्रेम, भक्ति, समर्पण और सामाजिक समानता का अनुपम उदाहरण बताया।
इस मौके पर आनंद सिंह, पंकज तिवारी, सुरेंद्र मिश्रा, गणेश प्रसाद अग्रहरि और आशुतोष द्विवेदी उर्फ सोनू आदि मौजूद रहे। संचालन चंद्रबली दास ने किया।