कस्बा स्थित दशरथ मिश्रा के कटरे में सराफे की दूकान का शटर चांड़कर
शुक्रवार की रात चोरों ने दूकान से ढाई किलो चांदी के आभूषण और तीस तोला
सोने पर हाथ साफ कर दिया।
चोरी की जानकारी शनिवार की सुबह हुई।
पीड़ित दूकानदार ने चोरी की घटना की तहरीर बलुआ थाने में दे दी है। सूचना
के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट को बुलाकर नमूने
इकट्ठा किए।
अजय सेठ की चहनियां कस्बे में दशरथ मिश्रा के कटरे में
पिछले कई वर्षों से आभूषण की दूकान है। देर रात पीछे के रास्ते से कटरे के
अंदर घुसे चोर लोहे के राड से शटर को चांडकर दूकान के अंदर घुसे और उसमें
रखे सोने और चांदी के आभूषण लेकर चंपत हो गए।
शनिवार की सुबह जब कटरा मालिक
कटरा का दरवाजा खोलने के लिए गया तो दूकान का शटर टूटा मिला। उसने घटना की
सूचना दूकानदार को दी। मौके पर पहुंचे दूकानदार ने जब दूकान के अंदर घुसकर
देखा तो उसमें रखा ढ़ाई किलो चांदी का आभूषण व तीस तोला सोना गायब मिला।
पीड़ित ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी।
पुलिस ने मौका मुआयाना करने
के बाद फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट को बुलाकर अंगुलियों के नमूने लिए। इस संबंध
में बलुआ थानाध्यक्ष महेंद्र पांडेय ने कहा कि घटना की जांच की जा रही है।
घटनास्थल पर मिले अंगुलियों के निशानों के आधार पर मामले की विवेचना की जा
रही है। वहीं दूसरी ओर बलुआ कस्बे में थाने के पास स्थित मां काली मंदिर से
चोरों ने शुक्रवार की रात काली प्रतिमा का चांदी का मुकुट और सोने की नथनी
चुरा लिया।
घटना की जानकारी शनिवार की भोर में उस समय हुई जब लोग मंदिर
में पूजा करने के लिए गए। ग्रामीणों ने चोरी की घटना की सूचना पुलिस को दे
दी है। दूसरी तरफ पुलिस ने घटना से अनभिज्ञता जताई।