नियामताबाद। मोबाइल चोरी का आरोपी मंगलवार को सुबह पुलिसकर्मी को चकमा देकर अलीनगर थाने के हवालात से फरार हो गया। इसकी जानकारी होते ही विभाग में खलबली मच गई। एसपी आदित्य लांग्हे ने लापरवाही बरतने वाले आरक्षी को तत्काल निलंबित कर मुकदमा दर्ज करने का निर्देश दिया है। वहीं, फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम दबिश दे रही है।
अलीनगर पुलिस ने सोमवार को ताराजीवनपुर निवासी संदीप जायसवाल को मोबाइल चोरी के आरोप में गिरफ्तार कर थाने के हवालात में रखा था। मंगलवार को सुबह एक आरक्षी शौच के लिए उसे साथ लेकर गया। इसी दौरान सिपाही को चकमा देकर आरोपी फरार हो गया। आरक्षी ने तत्काल घटना की जानकारी थाने में दी। इसके बाद अधिकारियों को इसकी सूचना देने के साथ पुलिस टीम फरार चोर को ढूंढने में जुट गई। एसपी आदित्य लांग्हे ने बताया कि लापरवाही बरतने वाले आरक्षी राजाबाबू चौहान को निलंबित कर दिया गया है और मुकदमा दर्ज करने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं, फरार आरोपी को पकड़ने के लिए टीम गठित की गई है।