सकलडीहा। कोतवाली क्षेत्र के नोनार गांव में शनिवार की रात थार में आग लग गई। आसपास के लोगों और वाहन स्वामी ने आग बुझाने का प्रयास करते हुए फायर ब्रिगेड को सूचना दी लेकिन तब तक वाहन जल गया।
नोनार गांव निवासी सतीश मौर्या अपने मामा बलुआ के कैथी गांव निवासी राजकुमार सिंह की महिंद्रा थार लाए थे। सड़क के किनारे खाली पड़ी जमीन पर गाड़ी खड़ी कर घर चले गए। घटनास्थल से उनका घर करीब 200 मीटर दूर है। शनिवार की रात करीब 12 बजे एक व्यक्ति ने गाड़ी में आग लगने की सूचना दी।
वह भागते हुए मौके पर पहुंचे तो देखा कि थार से आग की लपटें उठ रही थीं। उन्होंने तत्काल पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी लेकिन फायर ब्रिगेड के पहुंचने से पूर्व ही गाड़ी जल गई थी। आग कैसे और किन कारणों से लगी इसका पता नही चल पाया है। इस संबंध में कोतवाल हरिनारायण पटेल ने बताया कि थार जलने की सूचना मिली है। जांच की जा रही है।