पड़ाव। मुगलसराय कोतवाली अंतर्गत मढि़या गांव के चावला गली में रविवार की देर रात कमाल अहमद (22) पंखे के सहारे फंदे से लटकता मिला। परिजनों ने उसे नीचे उतारा और अस्पताल ले गए।
जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। वह वाराणसी के सरैया का रहने वाला था। पुलिस के अनुसार पहली नजर में युवक ने पारिवारिक कलह से उबकर फंदे से लटक कर जान देने की बात सामने आ रही है।
वाराणसी के सरैया गांव निवासी कमाल अहमद की शादी एक वर्ष पूर्व सरैया निवासी यास्मीन से हुई थी। डेढ़ माह पहले पति पत्नी मढि़या गांव में चावला गली में खुर्शीद हाजी के मकान में किराए पर रहने लगे। कलाम पॉवरलूम चलाकर परिवार का भरण पोषण करता था। पत्नी यास्मीन ने बताया कि कलाम प्रत्येक रविवार को अपने परिजनों के मिलने सरैया घर जाया करते थे। राेजाना की तरह रविवार को परिजनों से मिलने गए थे। शाम 7 बजे के आस-पास वहां से आने के बाद काफी परेशान लगे। रात में खाना खाने के बाद हम अपने कमरे में चले गए और सो गए। आधी रात को उनकी आवाज सुनकर नींद खुली तो कलाम फंदे से लटकते दिखे।
इस पर आनन फानन उन्हें उतारा और अस्पताल पहुंचाया। थानाध्यक्ष गगनराज सिंह ने बताया कि मामले की जानकारी अस्पताल की ओर से मिली थी। पूरे घटना की जांच कराई जा रही है। पोस्टमार्टम की रिपोर्ट आने के बाद ही कुछ कहा जा सकता है।