सैयदराजा। स्थानीय कस्बे के मुख्य मार्ग के फाटक से सौ मीटर पश्चिम ट्रैक पर मंगलवार की सुबह टहलने निकले एक युवक की ट्रेन से कटकर मौत हो गई। युवक सूरत में नौकरी करता था और त्योहार के लिए एक सप्ताह पहले घर आया था। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
सैयदराजा थाना क्षेत्र के धमेंद्र (40) सूरत में मजदूरी करता था। इसी से उसके परिवार का खर्च चलता था। उसकी शादी दस वर्ष पूर्व हो चुकी थी। उसके दो बच्चे चंदन (8) और शांति (3) हैं। धमेंद्र के माता-पिता का काफी पहले ही मृत्यु हो चुकी है। वह और उसके दो भाइयों का परिवार एक साथ ही रहता है। काफी दिनों बाद बच्चों के आग्रह पर धमेंद्र एक सप्ताह पहले त्योहार पर घर आया था। सोमवार की रात खाना खाने के बाद सो गया और मंगलवार की सुबह सैयदराजा मुख्य मार्ग के रेलवे ट्रैक के किनारे टहलने निकला था कि किसी ट्रेन की चपेट में आने से उसकी दर्दनाक मौत हो गई।
सुबह ट्रैक पर शव मिलने के बाद परिवार में कोहराम मच गया। पत्नी अनीता दहाड़ मारकर रोने लगी। बच्चे भी बिलखने लगे। घरवालों की सूचना पर मौके पर पहुंची जीआरपी ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है।