पीडीडीयू नगर/टांडाकला। मौसम का मिजाज बार-बार बदल रहा है। रविवार को 12 किलोमीटर की रफ्तार से पछुआ हवाएं चलने से सिहरन बढ़ गई। वहीं, न्यूनतम तापमान तीन डिग्री लुढ़ककर 10 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। हालांकि अधिकतम तापमान 23 डिग्री बना रहा। मौसम विभाग ने 27 जनवरी को बारिश होने की संभावना जताई है।
जिले में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। पछुआ हवा के चलने से ठंड बढ़ने के साथ बारिश की संभावना तेज हो गई है। पिछले कुछ दिनों की तेज धूप के बाद अब ठंडी हवाओं ने रात के तापमान को गिरा दिया है जिससे गलन और ठंड में वृद्धि हुई है। रविवार को दिनभर धूप-छांव का खेल चलता रहा।
शाम के बाद ठंड का प्रभाव बढ़ गया। दिन में भी पछुआ हवा चलने और बादलों की आवाजाही से धूप फीकी रही। बादलों और धूप की लुका-छिपी ने किसानों के माथे पर चिंता की लकीरें खींच दी हैं। सुबह से चली पछुआ हवाओं ने एक बार फिर ठंड बढ़ा दी है।
राज्य कृषि व मौसम विभाग के प्रभारी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि आगामी 26 से 28 जनवरी के बीच पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से प्रदेश के मध्य और पूर्वी क्षेत्र में बारिश और बिजली चमकने की संभावना है। चंदौली में 27 जनवरी को बारिश हो सकती है।