नियामताबाद। पांडेयपुर स्थित एक निजी अस्पताल में प्रसव के बाद महिला की मौत होने के मामले में शुक्रवार को देर रात पुलिस के समझाने पर परिजन और ग्रामीण मान गए और जाम समाप्त किया। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बिंदपुरवा गांव निवासी मनीष कुमार की पत्नी निशा (23) गर्भवती थीं। शुक्रवार को सुबह पेट दर्द शुरू होने पर परिवार के सदस्य उन्हें पांडेयपुर स्थित निजी अस्पताल ले गए। दोपहर में ऑपरेशन से निशा ने बेटी को जन्म दिया। इसी बीच कोई नस ऑपरेशन के दौरान कट जाने से तेज रक्तस्राव होने लगा और शाम करीब सात बजे निशा की मौत हो गई। इससे नाराज परिजनों और ग्रामीणों ने अस्पताल में तोड़फोड़ की और शव को सड़क पर रखकर जाम लगा दिया। रात लगभग 12 बजे थानाध्यक्ष मुकेश तिवारी के समझाने पर ग्रामीण माने। परिजनों ने अस्पताल की जांच कराने और चिकित्सक के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी। परिजनों की तहरीर लेकर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थानाध्यक्ष मुकेश तिवारी ने बताया कि तहरीर के आधार पर अस्पताल के खिलाफ जांच के लिए स्वास्थ्य विभाग को पत्र लिखा जाएगा। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नियामताबाद के प्रभारी चिकित्साधिकारी डाॅ. रविकांत सिंह ने कहा कि अभी उन्हें सीएमओ की तरफ से जांच के संबंध में कोई पत्र नहीं मिला है। सीएमओ का निर्देश मिलने पर आगे की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।