धानापुर। कुसुम्ही गांव में नाली की सफाई नहीं होने से गंदा पानी रास्ते में बहने लगा था। इसकी शिकायत के बाद भी जिम्मेदार उदासीन बने रहे। इससे नाराज ग्रामीणों ने शनिवार को खुद फावड़ा उठाकर नाली की सफाई की। इस दौरान ग्रामीणों ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी भी की। चेतावनी दी कि यदि इसके बाद भी सफाई नहीं कराई गई तो आंदोलन किया जाएगा।
धानापुर विकास खंड के कुसुम्ही गांव को ओडीएफ प्लस घोषित किया जा चुका है। ग्रामीणों का कहना है कि ओडीएफ प्लस गांव में सफाई पर विशेष नजर रखी जाती है। इसके बावजूद गांव में सीवर और नाली की सफाई नहीं हो रही है। सफाई नहीं होने से नाली गंदगी से पट गई है। गंदा पानी रास्ते में बह रहा है। गंदा पानी एकत्र होकर सड़ने से दुर्गंध निकलने से लोग परेशान हैं। इससे संक्रामक बीमारियां फैलने की आशंका है। लोगों को आवागमन में भी दिक्कत हो रही है। नाली जाम होने तथा गंदा पानी बहने से ड़क भी खराब हो गई है। ग्रामीण राजेंद्र विश्वकर्मा, अनिल यादव, बेचू अली, जीतेंद्र विश्वकर्मा, मोहम्मद इम्तियाज, सोनू, बाबी, अफजाल, इद्रीश, आरती देवी, शायरा बानो, गुड्डू गोंड ने बताया कि इसकी शिकायत कई बार विभागीय अधिकारियों से की गई, लेकिन सफाई नहीं हुई। इससे परेशान होकर शनिवार को सुबह ग्रामीण एकत्र हुए और हाथों में फावड़ा लेकर प्रदर्शन किया। बाद में खुद नाली की सफाई की। इस संबंध में खंड विकास अधिकारी विजय कुमार का कहना है कि नाली जाम होने की सूचना मिली है। जल्दी ही मौका मुआयना कराकर इसकी सफाई कराई जाएगी।