कोरोना वायरस के चलते लाकडाउन में सब लोग घरों में हैं इसके बाद भी चोर अपने कारनामे से बाज नहीं आ रहे हैं। चंदौली के सकलडीहा कोतवाली क्षेत्र के मनिहरा गांव कमलेश राम अपनी बेटी की शादी के लिए रुपये और जेवरात रखे थे। शुक्रवार को तिलक का कार्यक्रम होना था इससे पहले बृहस्पतिवार की रात चोरों ने घर में रखे चालीस हजार नगदी सहित हजारों रुपये मूल्य के जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया। पीड़ित पक्ष से मिली तहरीर के आधार पर शुक्रवार को पुलिस मामले की छानबीन में जुटी रही।
मनिहरा गांव निवासी कमलेश राम की पुत्री पूजा की एक मई को शादी होनी है। शुक्रवार 24 अप्रैल को तिलक के लिए कमलेश ने रिश्तेदारों की मदद से 45 हजार रुपये एकत्र किए थे। 23 अप्रैल को परिवार के लोग शादी और तिलक कराने के लिए बाबत आदेश लेेने के लिए तहसील पर गये हुए थे लेकिन उन्हें किसी कारण इजाजत नहीं मिली।
बृहस्पतिवार की रात पीछे के रास्ते से घर में घुसे चोरों ने बक्से में रखे छह थान जेवरात समेत 45 हजार रूपया लेकर जाने लगे। इस बीच कमलेश की पत्नी सुनीता की नींद खुल गई और उसने चोरों को पकड़ने का प्रयास किया लेकिन चोर भाग निकले। बाद में परिवारवालों ने इसकी सूचना पीआरबी 112 पर पुलिस को दी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और मामले की छानबीन की। पुलिस ने बताया कि पीड़ित पक्ष से मिली तहरीर के आधार पर मामले की छानबीन की जा रही है।