पीडीडीयू नगर। रेलवे लगातार ट्रेनों की गति बढ़ाने के लिए प्रयास कर रहा है। इसी क्रम में शुक्रवार को झाझा-पटना- पं. दीनदयाल उपाध्याय रेल रूट पर नौ जोड़ी ट्रेनों की रफ्तार बढ़ाकर 130 किमी प्रति घंटे कर दी गई। इस तरह अब कुल 21 जोड़ी ट्रेने ऐसी हो गई जो 130 किमी की रफ्तार से दौड़ रही है। ट्रेनों की गति बढ़ने से ट्रेने जल्दी से गंतव्य तक पहुंचेगी।
पूर्व मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी राजेश कुमार ने बताया कि अप और डाउन सहरसा-पटना-सहरसा स्पेशल, आनंद विहार टर्मिनल-अगरतल्ला-आनंद विहार टर्मिनल स्पेशल, राजेंद्रनगर टर्मिनल-न्यू जलपाईगुड़ी-राजेंद्रनगर टर्मिनल स्पेशल, कटिहार-दिल्ली-कटिहार स्पेशल, सिकंदराबाद- दानापुर- सिकंदराबाद स्पेशल, राजगीर-नई दिल्ली-राजगीर स्पेशल, राजेंद्रनगर टर्मिनल-नई दिल्ली-राजेंद्रनगर टर्मिनल स्पेशल, बेंगलुरू-दानापुर-बेंगलुरू स्पेशल और अहमदाबाद- पटना-अहमदाबाद स्पेशल सहित 09 जोड़ी ट्रेनों की गतिसीमा में बढ़ाई गई। रेलवे इसके पहले भी कई रेल खंडों पर ट्रेनों की गति सीमा बढ़ा चुका है। धनबाद से गया होते हुए पं. दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन रेल रूट पर ट्रेनों की गतिसीमा पहले ही बढ़ाई जा चुकी है। बताया कि ट्रेनों के तेज चलने से यात्री कम समय में अपने गंतव्य तक पहुंच सकेंगे।