कंदवा। बरहनी ब्लॉक के जेवरियाबाद गांव में सस्ते गल्ले की दुकान के चयन के लिए तीन सदस्यीय टीम का गठन किया गया है। इससे पहले दो बार चयन प्रक्रिया स्थगित की जा चुकी है। अब 20 अप्रैल की तिथि निर्धारित की गई है।
जेवरियाबाद गांव में संचालित सस्ते गल्ले की दुकान का लाइसेंस अनियमितता के आरोप में निरस्त कर दिया गया है। नए दुकानदार के चयन के लिए बीते 16 फरवरी को पंचायत भवन मे खुली बैठक हुई थी। उस समय लोगों के न पहुंचने के चलते चयन प्रक्रिया स्थगित कर दी गई थी। बीते 12 मार्च को नोडल अधिकारी जिला खादी ग्रामोद्योग अधिकारी गिरजा प्रसाद यादव के निर्देश में दूसरी तिथि निर्धारित की गई थी। विवाद की स्थिति उत्पन्न होने पर चयन प्रक्रिया स्थगित करनी पड़ी थी। बीडीओ बरहनी रत्नेश सिंह ने बताया कि दुकान के चयन के लिए नई तिथि तय की गई है। इसके लिए एडीओ (सहकारिता) राजेश सिंह, लघु सिंचाई के जेई योगेंद्र कुशवाहा और मनोज त्रिपाठी एडीओ (ग्राम्य विकास) की तीन सदस्यीय टीम बनाई गई है।