मुगलसराय स्टेशन पर ट्रेनों में पानी भरने वाले संविदा पर तैनात वाटरमैन
ठेकेदार द्वारा मानदेय न दिये जाने पर दूसरे दिन भी गुरुवार को हड़ताल पर
रहे।
इस दौरान मुगलसराय मंडल रेलवे कार्यालय पर धरना दिया। लगभग दो
घंटे तक चले धरने के बाद वाटरमैनों के प्रतिनिधि मंडल ने कार्यालय के
डिस्पैच डिपार्टमेंट में जाकर डीआरएम के नाम पत्रक दिया।
हड़ताल
के कारण ट्रेनों में पानी नहीं भरा जा सका। स्थानीय स्टेशन से होकर गुजरने
वाली कई ट्रेनें बिना पानी भरे ही रवाना हुईं। जिससे यात्रियों को काफी
दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
गौरतलब है कि यंग बंगाल कोआपरेटिव लेबर
कांट्रैक्ट सोसाइटी लिमिटेड को मुगलसराय रेलवे स्टेशन से होकर गुजरने वाली
गाड़ियों में पानी भरने का ठेका दिया गया है।
जिसके द्वारा मानदेय पर
कर्मचारियों को रखकर ट्रेनों में पानी भरवाने का कार्य कराया जाता है।
संस्था के मातहत कार्य करने वाले कर्मचारी गत 45 दिनों से मानदेय न मिलने
से बुधवार की दोपहर से हड़ताल पर हैैं।
गुरुवार को कार्य बहिष्कार के दूसरे
दिन भी वाटरमैनों ने ट्रेनों में पानी नहीं भरा। धरने के दौरान कर्मियों
ने कहा कि जब तक उन्हें मानदेय नहीं मिल जाता, तब तक वे काम नहीं करेंगे।
साथ ही आंदोलन को और तेज करेंगे।
इस दौरान मदन कुमार, गौरव, विजय पासवान,
किशन, छोटे लाल, शिवपूजन यादव, राजेन्द्र मनीष, प्रमोद आदि मौजूद रहे। इस
संबंध में डीआरएम के पीआरओ बी राम ने बताया कि रेलवे के अफसरों को ठेकेदार
और उसके कर्मियों के बीच विवाद की जानकारी है। इसे हल करने का प्रयास किया
जा रहा है। ट्रेनों में पानी न होने की शिकायत पर रेलकर्मियों से पानी
भरवाया जा रहा है।