क्षेत्र के जलीलपुर नई बस्ती में रेलवे और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने शनिवार को आराजी नंबर 25 की नापी की। राजस्व विभाग की ओर से पांच सदस्यीय टीम मौके पर नापी के लिए आई थी। लगभग पांच घंटे तक चली नापी के दौरान भवन स्वामी परेशान नजर आए। राजस्वविभाग के अधिकारियों ने रिपोर्ट बनाकर एसडीएम को सौंपने की बात कही है।
रेलवे की नई परियोजना के तहत दो लाइन बिछाई जानी है। इसके तहत नई बस्ती जलीलपुर में 24 मकान प्रभावित होने की संभावना है। सही नापी करने के लिए ग्रामीणों ने डीएम चंदौली, रेलवे और सांसद चंदौली को प्रार्थना पत्र दिया था। इसके साथ ही मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत कर नापी कराये जाने की मांग की थी।
इस मामले का संज्ञान लेते हुए डीएम ने एसडीएम पीडीडीयू नगर को मामले की जांच सौंपी थी। एसडीएम के निर्देश पर शनिवार को दिन में लगभग 11 बजे पांच सदस्यीय राजस्व विभाग की टीम मौके पर गई। सबसे पहले रेलवे की जमीन पर बड़ी लाइन और छोटी लाइन के लिए नापी की गई। इसके बाद वहां बने मकानों की भी नापी की गई।
इस मौके पर राजस्व विभाग से नायब तहसीलदार अमित कुमार, राजस्व निरीक्षक राकेश कुमार, लेखपाल रामप्यारे प्रसाद ,पंकज सिंह, सुजीत कुमार, हरि शरण आदि मौजूद रहे। वहीं रेलवे के सेक्शन इंजीनियर आलोक कुमार कनौजिया, विनय कुमार, दीपक कुमार, रघुवश सिंह, उमाशंकर सिंह, विधायक प्रतिनिधि संजय पासवान ग्रामीण मौजूद रहे।