पीडीडीयू नगर। वसंत पंचमी पर प्रयागराज महाकुंभ में स्नान कर लौटने वालों से सोमवार को पीडीडीयू जंक्शन पटा रहा। सोमवार को देर शाम तक 40 हजार से ज्यादा यात्री रेलवे स्टेशन पहुंचे। प्रयागराज की ओर से आने वाली ट्रेनें भी यात्रियों से भरी रहीं। यात्रियों को सुरक्षित ढंग से ट्रेनों में सवार कराने के लिए आरपीएफ व जीआरपी के अलावा वाणिज्य विभाग के अधिकारी जुटे रहे।
महाकुंभ में स्नान के लिए जाने व वहां से लौटने वालों की भीड़ को देखते हुए यार्ड पोस्ट सहित अन्य स्थानों पर आरपीएफ के जवानों की ड्यूटी लगाई गई है। जीआरपी के साथ ही पीएसी और मुगलसराय व अलीनगर पुलिस की भी ड्यूटी लगाई गई है। प्रयागराज से वापसी करने वाले यात्रियों की भीड़ को देखते हुए वाणिज्य विभाग के अलावा अन्य विभागों के अधिकारियों को भी सहयोग के लिए लगाया गया है। रविवार को प्रयागराज जाने वाले ट्रेनों में भीड़ रही। वहीं सोमवार को सुबह से ही प्रयागराज से आने वाली ट्रेनों में भीड़ रही। यात्रियों को सुरिक्षत ढंग से ट्रेनों में सवार कराने के लिए आरपीएफ निरीक्षक प्रदीप कुमार रावत, जीआरपी निरीक्षक सुनील कुमार सिंह, सीएसजी एनके मिश्र, मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक अभिषेक यादव, अक्षय कुमार आदि टीम के साथ जुटे रहे। स्टेशन अधीक्षक एसके सिंह ने बताया कि यात्रियों की अत्यधिक भीड़ नहीं होने की वजह से कुंभ स्पेशल ट्रेन चलाने की जरूरत नहीं पड़ी।