पीडीडीयू नगर। खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ बृहस्पतिवार को विशेष अभियान चलाया। मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी चंदौली पीएन त्रिपाठी के नेतृत्व में टीम ने मुगलसराय क्षेत्र में प्रतिष्ठानों में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच की। साथ ही खोवा पनीर और मिठाई के नमूने लिए।
अधिकारियों ने मुगलसराय मंडी में खोवा की जांच की। टीम ने खोवा को चखा और आयोडीन टिंचर से भी परीक्षण किया। संदेह होने पर खोवा के नमूने लिए गए। कुछ दुकानों में मिठाई में निर्धारित मात्रा से ज्यादा खाद्य रंग का इस्तेमाल पाया गया। इस पर टीम ने दुकानदारों को चेतावनी देते हुए मानक के अनुरूप ही रंगों का इस्तेमाल करने के निर्देश दिए। मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी पीएन त्रिपाठी ने बताया किचकिया, धानापुर, सकलडीहा, चंदौली सदर और मुगलसराय में जांच कर खोवा, पनीर और मिठाइयों के नमूने लिए गए हैं। उन्होंने लोगों से मिठाई खरीदते समय उसकी गुणवत्ता, रंग और साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने की अपील की।