पीडीडीयू नगर। ओबरा तहसील क्षेत्र में पिछले दिनों खदान के धंसने से जिले में गिट्टी की आपूर्ति बंद है। इससे गिट्टी के दाम में उछाल आ गया है। प्रति ट्रैक्टर 55 सौ रुपये मिल रही गिट्टी आज 78 सौ रुपये ट्रैक्टर बिक रही है। वहीं दूसरी तरफ बिहार से बालू की आवक कम होने से इसके भी दामों में उछाल आया है। ऐसे में मकान बनाने वाले गिट्टी और बालू के दाम बढ़ने के चलते परेशान है।
गिट्टी की आपूर्ति सोनभद्र जिले से होती है। वहीं बालू की अधिकतर आपूर्ति बिहार के डेहरी ऑनसोन और दुर्गावती से होती है। पिछले दिनों सोनभद्र जिले के ओबरा तहसील क्षेत्र के बिल्ली मारकुंडी में खदान धंसने से गिट्टी की आपूर्ति बंद हो गई है। इसलिए इसका दाम बढ़ गया है। बाजार में इस वक्त गिट्टी 7800 रुपये प्रति ट्रैक्टर बिक रही है। एक ट्रैक्टर गिट्टी का तात्पर्य प्रति 100 घन फीट से है। जबकि दस दिन पहले गिट्टी 5500 रुपये प्रति 100 घन फीट बिक रही थी। वहीं बालू के दाम में भी उछाल आया है। मीडियम बालू दस दिन पहले 38 सौ रुपये सौ घन फीट बिक रहा था जो कि आज 44 सौ रुपये बिक रहा है।
यानी मीडियम बालू के दाम में 600 रुपये का उछाल आ गया है। वहीं ढलाई में इस्तेमाल होेने वाला मोटा बालू पांच हजार रुपये प्रति ट्रैक्टर बिक रहा है। इस संबंध में बिल्डिंग मेटेरियल विक्रेता रंजीत निगम ने बताया कि खदान बंद होने से गिट्टी की आपूर्ति नहीं हो रही है। इससे दाम बढ़ गए है।
वहीं दूसरी तरफ बिहार से बालू कम आने के चलते इसके भी दाम बढ़ गये हैं। संवाद