पीडीडीयू नगर। पं. दीनदयाल उपाध्याय से गया और जपला रूट पर ट्रेनों की संख्या बढ़ाने के साथ ही ट्रेनों की रफ्तार भी बढ़ेगी। सोन नगर और मोहम्मदगंज के बीच तीसरी रेललाइन की शुरुआत हो गई है। वहीं सासाराम से अनुग्रह नारायण रोड तक ऑटोमेटिक सिग्नल भी शुरू हो गई है। शुक्रवार को प्रधानमंत्री दोनों परियोजनाओं को राष्ट्र को समर्पित करेंगे।
पीडीडीयू मंडल के वरीय मंडल वाणिज्य प्रबंधक राजीव रंजन ने बताया कि सोन नगर और मोहम्मदगंज के बीच तीसरी रेललाइन के पश्चात संचालन क्षमता में वृद्धि होगी। इससे अंकोरा और नबीनगर में बिजली संयंत्रों तक कोयले की आवाजाही संभव हो सकेगी। यात्रा समय में कमी आएगी। यह डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर (डीएफसी) लाइन के लिए फीडर रूट के रूप में कार्य करता है। बगहा बिशुनपुर स्टेशन यार्ड में रेलवे के साथ कनेक्टिविटी प्रदान करता है। जिससे लौह अयस्क, कोयला, उर्वरक, सीमेंट और चीनी आदि के परिवहन को बढ़ावा मिल रहा है। तीसरी लाइन भारी मालगाड़ियों की आवाजाही को सक्षम बनाएगी। अतिरिक्त यात्री ट्रेनों एवं मालगाड़ियों का सुचारू रूप से संचालन बढ़ा है। सासाराम और अनुग्र्रह नारायण रोड के मध्य ऑटोमेटिक सिग्नलिंग 25 किमी लंबी इस परियोजना पर 43 करोड़ रुपये की लागत आई है। नई दिल्ली-हावड़ा मार्ग पर गति बढ़ाकर यात्रा समय कम करने में यह सहायक सिद्ध हो रहा है। इससे मौजूदा लाइन क्षमता के साथ और अधिक ट्रेनों का परिचालन संभव होगा।