पीडीडीयू नगर स्थित पुराने फायर ब्रिगेड में खाली पड़ी जमीन। संवाद
एक साल में पूरा होना है काम, जर्जर भवन में बैठकर काम करने को मजबूर हैं अधिकारी-कर्मचारी
पीडीडीयू नगर। नगर पालिका परिषद के नए कार्यालय भवन का निर्माण शिलान्यास के तीन माह बाद भी शुरू नहीं हो सका है। मुख्यमंत्री वैश्विक नगरोदय योजना के तहत 8.80 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले भवन का निर्माण एक वर्ष में पूरा किया जाना था। इसके बावजूद अब तक नींव तक नहीं रखी जा सकी है। दूसरी ओर, पालिका का वर्तमान कार्यालय जर्जर हालत में है। छत से प्लास्टर टूटकर गिर रहा है। बारिश के दौरान पानी टपकने से महत्वपूर्ण अभिलेखों को पन्नियों से ढककर सुरक्षित रखना पड़ता है।
नगर पालिका के नए कार्यालय के लिए आठ अगस्त 2026 को पुराने फायर ब्रिगेड परिसर में भूमि पूजन और शिलान्यास किया गया था। मुगलसराय विधायक रमेश जायसवाल और नगर पालिका अध्यक्ष सोनू किन्नर ने आधारशिला रखी थी। योजना के तहत पुराने फायर ब्रिगेड परिसर में भूतल के अलावा दो और तल का निर्माण कराया जाना है।
पुराने कार्यालय भवन की स्थिति लगातार खराब हो रही है। भवन की छत और दीवारों से प्लास्टर टूटकर गिर रहा है। बारिश में छत से पानी टपकने से कार्यालय के जरूरी कागजात और फाइलों को सुरक्षित रखने के लिए पन्नियों का सहारा लेना पड़ता है। ऐसे में अधिकारियों और कर्मचारियों को जर्जर भवन में बैठकर काम करना पड़ रहा है। लेकिन निर्माण शुरू होने में हो रही देरी से परियोजना की निर्धारित समय सीमा प्रभावित होने की आशंका है।
कोट
निर्माण कार्य सीएनडीएस को कराया है। शीघ्र ही कार्य शुरू करवाने के लिए नगर पालिका की ओर से पत्र भेजा जा रहा है।
धर्मराज सिंह,ईओ,नगर पालिका