क्षेत्र के नईबाजार कस्बे में सफाई न होने से नाराज कस्बावासियों ने शनिवार को जिला प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए विरोध प्रदर्शन किया। लोगों का कहना है कि पहली बरसात में ही सफाई व्यवस्था की पोल खुल गई। सफाईकर्मियों के न आने से कचरा सड़कों पर बिखरा पड़ा है। बारिश के बाद कचरे से उठ रही दुर्गंध से लोगों का जीना दुश्वार हो गया है।
वक्ताओं ने कहा कि जिला पंचायत द्वारा लाखों रुपये की लागत से जलनिकासी के लिए नाली का निर्माण एक साल पूर्व कराया गया था। जबकि वहीं कस्बे की साफ-सफाई के लिए चार सफाईकर्मियों की नियुक्ति की गई थी। अब सफाई के अभाव में नालियां कचरे से पटी पड़ी हैं और घरों का गंदा पानी सड़कों पर बह रहा है। बरसात में सड़कों का पानी लोगों के घरों और दूकानों में घुस रहा है।
एडीओ पंचायत राम नगीना सिंह ने बताया कि जल्द ही नाली की सफाई करा दी जाएगी। विरोध प्रदर्शन करने वालों में सोनू गुप्ता, विकास, हृदय, फेंकू यादव, शोले, प्रवेश, राजेश, जितेन्द्र, रमेश व राजू आदि लोग मौजूद रहे।